वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
12 मार्च।
गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोठिया में स्वास्थ्यकर्मियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में गार्डासिल (एचपीवी) वैक्सीन के महत्व, इसके सुरक्षित उपयोग और लक्षित आयु वर्ग में टीकाकरण के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शाहिद रज़ा अंसारी के नेतृत्व में किया गया। इसमें विभिन्न स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि मानव पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है और गार्डासिल वैक्सीन इसके बचाव में प्रभावी है। इसलिए किशोरियों और महिलाओं को समय पर टीकाकरण कराना जरूरी है।
डॉ. शाहिद रज़ा अंसारी ने बताया कि प्रशिक्षण में वैक्सीन के डोज़ शेड्यूल, टीकाकरण की प्रक्रिया और सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक कर सकें।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने कहा कि जागरूकता और समय पर टीकाकरण से सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से समुदाय में जाकर लोगों को इस टीके के प्रति सही जानकारी देने और भ्रांतियों को दूर करने की अपील की।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है और इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्यकर्मियों को समुदाय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सक्षम बनाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी क्षेत्र में जागरूकता फैलाकर अधिक से अधिक किशोरियों और महिलाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करेंगे।



