16 वाहनों का चालान, 6 वाहन सीज, अवैध साइलेंसर जब्त
समाज जागरण
शिव तिवारी, बड़ागांव/वाराणसी।
वाराणसी जनपद में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बुलेट एवं अन्य दोपहिया वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। रात्रिकालीन चेकिंग अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज एवं कर्कश ध्वनि उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए।
यह अभियान ए.आर.टी.ओ. (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन तथा यात्रीकर अधिकारी अखिलेश पांडेय के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान कुल 16 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 6 वाहनों को सीज कर दिया गया। साथ ही वाहनों में लगे अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तीव्र ध्वनि आमजन, वृद्धजनों, विद्यार्थियों एवं मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनती है। धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी काशी की शांति और सांस्कृतिक गरिमा के विपरीत इस प्रकार की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विभाग के अनुसार वाहनों में अनधिकृत परिवर्तन करना केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली 1989 के नियम 119 एवं 120 तथा मोटर वाहन अधिनियम 1988 के प्रावधानों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में धारा 190(2) के तहत वाहन चालक पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त अवैध मॉडिफिकेशन पाए जाने पर वाहन का पंजीयन प्रमाणपत्र (आरसी) निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। वहीं बार-बार नियमों का उल्लंघन करने अथवा खतरनाक ढंग से वाहन संचालन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए भी सक्षम प्राधिकारी को संस्तुति भेजी जाएगी।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं बाइक चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध साइलेंसर का प्रयोग न करें और यातायात व पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन करते हुए शांत, स्वच्छ एवं सुरक्षित काशी के निर्माण में सहयोग दें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



