समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत रानीतालाब थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ काब गांव के पास स्थित एक बगीचे में हुई, जहां अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से जमा थे। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जब कार्रवाई की गई, तो अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की और इस मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया। घटना के दौरान घायल अपराधी की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है, जो पालीगंज थाना क्षेत्र के पैरपूरा गांव का रहने वाला है। उसे गोली पैर में लगी है और उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। उसके साथ मौजूद एक और अपराधी आलोक कुमार को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों अपराधी आपराधिक गतिविधियों में पहले से शामिल रहे हैं।रानीतालाब थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार को सूचना मिली थी कि पिछले महीने सैदाबाद गांव के पास एक पान दुकानदार सनी कुमार से हुई लूट में शामिल अपराधी काब गांव के पास देखा गया है। यह भी आशंका जताई गई कि वह किसी और वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। इसके बाद पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जैसे ही पुलिस की टीम काब गांव स्थित बगीचे में पहुंची, वहां छिपे अपराधियों ने पुलिस को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें सूरज कुमार घायल हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से भाग रहे दूसरे अपराधी आलोक को भी धर दबोचा। घायल सूरज को फौरन पटना भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।घटना के बाद अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है, ताकि उनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक घटनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सके। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



