वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज अंचल कार्यालय में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। अंचल अधिकारी राहुल कुमार की अध्यक्षता में हुई सुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी भूमि संबंधी समस्याएं रखीं। दोनों पक्षों को सुनने और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद दो मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।
जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े दो नए मामले भी सामने आए। अंचल अधिकारी ने संबंधित पक्षों से मामले की जानकारी लेने के साथ राजस्व कर्मियों से भी आवश्यक तथ्य प्राप्त किए। सुनवाई के दौरान दस्तावेजों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामलों के समाधान की प्रक्रिया पूरी की गई। फरियादियों को भूमि विवाद से जुड़े नियमों और आगे की कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी दी गई।
सुनवाई के बाद भूमि विवाद के कुल 13 मामले लंबित रहे। इन मामलों पर अगले शनिवार को आयोजित जनता दरबार में सुनवाई की जाएगी। प्रत्येक शनिवार होने वाली इस नियमित सुनवाई से लोगों को अपनी भूमि संबंधी समस्याएं सीधे अंचल अधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है।
अंचल अधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि भूमि विवादों का निष्पक्ष एवं नियमानुसार समाधान कराने को प्राथमिकता दी जा रही है। आपसी सहमति की गुंजाइश वाले मामलों में दोनों पक्षों के बीच समझौते के माध्यम से विवाद समाप्त कराने का प्रयास किया जाता है। लंबित मामलों की नियमित सुनवाई कर उनके शीघ्र निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



