वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज
किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना कोचाधामन थाना क्षेत्र के सपटिया बिशनपुर चौक के समीप गुरुवार देर रात हुई, जहां दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर के बाद एक ट्रक में भीषण आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। भिड़ंत के तुरंत बाद एक ट्रक में आग की लपटें उठने लगीं, जिसने कुछ ही क्षणों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से ट्रक में सवार चालक और सह-चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह प्राथमिक जानकारी के अनुसार, लहसुन से लदा एक ट्रक अत्यधिक रफ्तार, लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। दूसरे ट्रक में सवार चालक और सह-चालक भी केबिन में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा। हादसे के बाद स्थानीय निवासी नफीस आलम सहित अन्य लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक ट्रक में फंसे दोनों व्यक्तियों की जलकर मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
यातायात रहा बाधित
दुर्घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



