24 से 26 जनवरी तक नोएडा शिल्प हाट में होगा तीन दिवसीय आयोजन
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण
गौतमबुद्धनगर | 23 जनवरी 2026
उत्तर प्रदेश की स्थापना की ऐतिहासिक स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने तथा प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का तीन दिवसीय आयोजन 24 से 26 जनवरी 2026 तक नोएडा शिल्प हाट में किया जाएगा। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ 24 जनवरी को दोपहर 12:00 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी) सुनील कुमार शर्मा करेंगे। इस अवसर पर जनपद के माननीय जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहेंगे।

समीक्षा बैठक में तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा
उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के सफल आयोजन के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने अब तक की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए मंच व्यवस्था, प्रदर्शनी क्षेत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आमंत्रण व्यवस्था, विभागीय सहभागिता, सम्मान समारोह, सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सहित सभी प्रमुख बिंदुओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।
“विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” थीम पर आयोजन
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का आयोजन “विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” की थीम पर किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम लखनऊ में आयोजित होगा, जबकि जनपद गौतमबुद्धनगर में नोएडा शिल्प हाट को मुख्य आयोजन स्थल के रूप में चयनित किया गया है।
यहाँ तीन दिनों तक सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक एवं विकासपरक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
120 से अधिक स्टॉल, ODOP और सरकारी योजनाओं की झलक
नोएडा शिल्प हाट परिसर में
- एक जनपद–एक उत्पाद (ODOP)
- स्टार्टअप व ईज ऑफ डूइंग बिजनेस
- मिशन शक्ति
- पर्यटन, कला व संस्कृति
- ऐतिहासिक धरोहरें
- जनकल्याणकारी सरकारी योजनाएँ
पर आधारित लगभग 120 आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा, महिलाएं, किसान, शिल्पकार, उद्यमी एवं प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किए जाने की भी योजना है।
विभिन्न राष्ट्रीय दिवसों को भी किया जाएगा शामिल
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश दिवस के अंतर्गत युवा दिवस, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती, राष्ट्रीय पर्यटन दिवस, मतदाता जागरूकता दिवस एवं गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसरों को कार्यक्रमों में प्रभावी रूप से शामिल किया जाए।
स्थलीय निरीक्षण कर दिए गए निर्देश
समीक्षा बैठक के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्राधिकरण, पुलिस एवं अन्य अधिकारियों के साथ नोएडा शिल्प हाट परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस–2026 केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान, गौरव और विकास यात्रा को प्रदर्शित करने का सशक्त मंच है। सभी विभाग समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि आयोजन भव्य, अनुकरणीय और स्मरणीय बन सके।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, वरिष्ठ प्रबंधक नोएडा डोरी लाल, अरविंद कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, सहकारिता विभाग से आलोक रंजन सहित प्राधिकरण, पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
— सौजन्य: सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर



