google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार, आठ चोरी की बाइक बरामद

समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता

सोनभद्र। जनपद में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चोपन और बीजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से कई वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

वही एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने बताया चोपन पुलिस ने 13/14 जून की रात वैष्णो डाला मंदिर के समीप बैगा टोला मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में बाइक चोरी की निकली। गिरफ्तार आरोपी राजेश गौड़ पुत्र हरिश्चंद्र गौड़ निवासी गड़इडीह, चोपन की निशानदेही पर बैगा टोला स्थित एक खंडहर मकान से तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार चोपन पुलिस ने कुल चार बाइक बरामद कीं, जिनमें तीन अपाचे और एक हीरो स्प्लेंडर शामिल है। पूछताछ में राजेश ने बताया कि वह अपने साथियों राहुल गौड़, दीपक यादव और रोशन यादव के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करता था और उन्हें बिहार में बेच देता था। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है। वहीं बीजपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा क्षेत्र सिरसोती के पास रामदिहल प्रजापति को गिरफ्तार किया।

उसके कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। बरामद वाहनों में एक अपाचे आरटीआर, एक होंडा ड्रीम योगा और दो स्प्लेंडर बाइक शामिल हैं। इनमें से एक बाइक मध्य प्रदेश के मोरवा थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई। पुलिस के अनुसार रामदिहल प्रजापति एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही मामले में और खुलासे हो सकते हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)