google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बिजली विभाग की लापरवाही से त्रस्त गोविंदपुर के ग्रामीण, घंटों अंधेरे में रहने को मजबूर

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
ठाकुरगंज प्रखंड के रसिया पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर गांव वार्ड संख्या-11 में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गांव में बार-बार बिजली खराब होने के बावजूद विभागीय कर्मी समय पर नहीं पहुंचते, जिससे सैकड़ों परिवार घंटों अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मामले को गंभीरता से नहीं लेते। कई बार फोन करने के बावजूद जब कोई कर्मचारी नहीं पहुंचता, तब मजबूर होकर गांव के लोग निजी मिस्त्री बुलाकर बिजली ठीक कराते हैं। इसके लिए ग्रामीणों को आपस में चंदा जुटाकर भुगतान करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने कहा कि वे नियमित रूप से बिजली बिल जमा करते हैं, इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधा के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि एक-दो घंटे की देरी समझी जा सकती है, लेकिन तीन से छह घंटे तक बिजली बाधित रहने के बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जाती, जो विभागीय लापरवाही को उजागर करता है।

गोविंदपुर गांव में आदिवासी, सहनी समेत अन्य गरीब परिवार बड़ी संख्या में निवास करते हैं। लगातार बिजली संकट के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य एवं दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
वहीं, बिजली समस्या को लेकर गोपाल उरांव, नेपाल उरांव, हानू उरांव, बांका उरांव, दयालाल सहनी, दिनेश लाल सहनी, तनय कुमार दास, संता साहनी सहित समस्त गोविंदपुर वासियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)