जिला ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण
सोनभद्र। बभनी ब्लॉक के रन्दह, झनकपुर, सागसोती और मचबंधवा गांवों में रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। वे गांवों में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था से परेशान थे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत बभनी के इन गांवों में तैनात सफाईकर्मी कभी ड्यूटी पर नहीं आते। वे किसी भी तरह की साफ-सफाई नहीं करते हैं, जिससे गांवों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्होंने ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी (ADO) से इस बारे में बात की, तो उनका रवैया गैर-जिम्मेदाराना था। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों की मिलीभगत से सफाईकर्मी बिना काम किए वेतन ले रहे हैं। उनकी हाजिरी की भी कोई जांच नहीं होती। लंबे समय से सफाई न होने के कारण गांवों की हालत खराब हो चुकी है। हर जगह कचरे का ढेर लगा है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं और लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं।
पंचायत भवन परिसर और मुख्य रास्तों पर बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियां उग आई हैं। इससे ग्रामीणों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को सांप, बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के काटने का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने कहा कि एक तरफ भारत सरकार स्वच्छता के लिए कई योजनाएं चला रही है, वहीं बभनी ब्लॉक के अधिकारी इसके उलट काम कर रहे हैं। अधिकारियों की इस लापरवाही से सरकार की छवि खराब हो रही है और जनता में गुस्सा है।
इस प्रदर्शन में पूर्व प्रधान संगठन के जिला सचिव संजय गुप्ता के साथ हरदेव, अवध बिहारी, राहुल कुमार, बालदेव, मोहरशाय, भगवान दास, विजय कुमार, बीडीसी महादेव सिंह और सोनू शर्मा जैसे ग्रामीण शामिल थे। उन्होंने जिलाधिकारी से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



