google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

ईवीएम-वीवीपैट के साथ मतदान कर्मियों को मिली मेडिकल किट

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
10 नवंबर।
बिहार विधानसभा चुनाव के तहत कल 11 नवंबर को जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। इस बीच जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मतदान कार्य में लगे सभी कर्मियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखा है। ईवीएम, बीयू, सीयू और अन्य चुनावी सामग्रियों के साथ इस बार कर्मियों को मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि मतदान कार्य के दौरान किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत राहत मिल सके।
जिला मुख्यालय स्थित सामग्री वितरण केंद्र पर पोलिंग पार्टियों को रवाना करते समय स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक टीम को एक-एक मेडिकल किट दिया गया। इसमें सर्दी, खांसी, बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द और मामूली चोट की दवाइयां शामिल हैं। हर पैकेट के साथ दवा सेवन का तरीका भी लिखी हुई पर्ची दी गई है।सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य और लोकतंत्र दोनों का समान महत्व है। मतदान के दौरान कर्मियों के लिए मेडिकल किट उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है ताकि वे पूरी तरह स्वस्थ रहकर अपना कर्तव्य निभा सकें। साथ ही सभी मतदाताओं से अपील है कि वे भी स्वस्थ रहकर मतदान अवश्य करें।
चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए तैयार की गईं 1503 मेडिकल किट।

जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों के कुल 1366 मतदान केंद्रों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 1503 मेडिकल किट तैयार की हैं। इसमें 10 प्रतिशत अतिरिक्त किट भी रखी गई है ताकि आकस्मिक स्थिति में तुरंत जरूरत पूरी की जा सके। सभी किट्स को सामग्री कोषांग को पहले ही सुपुर्द किया गया था, जहां से आज मतदान सामग्री के साथ कर्मियों को दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि मतदान के दौरान किसी भी कर्मी की तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सा सुविधा मिले। इसके लिए प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में विशेष चिकित्सा दल तैयार रखा गया है। साथ ही एम्बुलेंस भी हर स्तर पर तैनात रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में कर्मी को तत्काल उपचार मिल सके।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)