वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के सफल संचालन को लेकर आज कृषि उत्पादन बाजार समिति, किशनगंज में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में चारों विधानसभा क्षेत्र – बहादुरगंज, ठाकुरगंज, किशनगंज एवं कोचाधामन के सभी निर्वाची पदाधिकारियों तथा मतदान कर्मियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी मतदान कर्मियों को निर्देशित किया कि वे बूथ पर पहुंचने के उपरांत सर्वप्रथम PRO एप पर अपने आगमन की सूचना अपडेट करें तथा समय-समय पर सभी आवश्यक डाटा सही रूप में अपलोड करते रहें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत जिम्मेदारी का कार्य है, अतः सभी कर्मी निष्पक्षता, सतर्कता एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर वॉलिंटियर उपलब्ध रहेंगे, जिनकी सहायता आवश्यकतानुसार ली जा सकती है। किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तुरंत अपने वरीय पदाधिकारियों को सूचित करें। साथ ही, PRO एप से संबंधित किसी भी तकनीकी समस्या का समाधान सुनिश्चित कर लिया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में फर्जी मतदान (Bogus Voting) न होने दें और सभी कर्मी निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करें। उन्होंने सभी कर्मियों को निष्पक्ष चुनाव संपादन हेतु शुभकामनाएं दीं।
ब्रीफिंग के दौरान 53 ठाकुरगंज विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा ने बताया कि सभी मतदान कर्मी अपने-अपने CAPF दल के साथ मशीन प्राप्त कर वाहन सहित अपने-अपने बूथों के लिए रवाना हुए। जिन मतदान केंद्रों पर एक ही परिसर में या आसपास में एक से अधिक बूथ बनाए गए हैं, वहां सभी टीमें एक साथ वाहन सहित प्रस्थान करेंगी। पीठासीन पदाधिकारी के पास संबंधित CAPF कर्मियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध हैं; यदि किसी को आवश्यकता हो तो वहीं से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र में पांच महिला बूथ बनाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा की जा रही है। इन बूथों पर महिलाओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
सभी मतदान कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे PRO एप, फॉर्म 17-C एवं अन्य आवश्यक प्रपत्रों का मतदान प्रारंभ होने से पूर्व सही-सही मिलान कर लें तथा अपडेट सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में 54 किशनगंज विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने बताया कि सभी EVM एवं VVPAT मशीनें स्ट्रांग रूम से ही विधानसभावार उपलब्ध कराई जाएंगी तथा वहां से वाहन व्यवस्था कर मतदान दल अपने-अपने बूथ के लिए प्रस्थान करेंगे।
ब्रीफिंग में 55 कोचाधामन विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, तथा 52 बहादुरगंज विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर शिवशंकर पासवान, सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं सभी मतदान कर्मी उपस्थित थे।



