वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत बेसरबाटी पंचायत के कालिकाडांगा गांव में रविवार को भक्ति, उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। गोकुलधाम सोसायटी के बैनर तले आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक महाआयोजन का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। बैंड-बाजे, जयकारों और हरिनाम संकीर्तन के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
राधा कृष्ण मंदिर परिसर से शुरू हुई कलश यात्रा बादल चौक, धापोडांगी और मालाकाटा होते हुए चेंगा नदी घाट पहुंची। यात्रा में महिलाओं और युवतियों की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सिर पर कलश लिए श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे।
लगभग पांच किलोमीटर लंबी इस यात्रा में 351 श्रद्धालुओं ने नंगे पांव और निर्जला उपवास के साथ भाग लिया। चेंगा नदी घाट पर पंडित विनय झा के मंत्रोच्चारण के बीच वैदिक रीति से कलशों में जल भरा गया।
आयोजन समिति के अनुसार सोमवार शाम चार बजे से हरिनाम संकीर्तन प्रारंभ होगा, जबकि मंगलवार शाम पांच बजे विसर्जन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गलगलिया थाना पुलिस की टीम लगातार तैनात रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुन्ना सिंह, कौशल किशोर यादव, अजय कुमार सिंह, अनुपमा देवी और सिकंदर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
आयोजन समिति सदस्य सुपेन राय ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि गांव की आस्था और सामाजिक एकता का महापर्व है। वहीं पूर्व पंचायत समिति सदस्य श्रीलाल राय ने इसे गांव की पहचान और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



