समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। थाना दुद्धी पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को महुअरिया निवासी जय सिंह ने अपने भाई समासिंह गोड़ की हत्या के संबंध में थाना दुद्धी में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। विवेचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को बघाडू-भीसूर रोड स्थित प्रथम पुलिया के पास से आरोपी राजेन्द्र विश्वकर्मा (22) निवासी डुमरपान, थाना सोनावल, जिला बलरामपुर (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी और मृतक समासिंह गोड़ के बीच अवैध संबंध थे। उसने कई बार मृतक को अपनी पत्नी से दूर रहने की चेतावनी दी थी, लेकिन वह नहीं माना। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी ने बताया कि 9 जून को उसने समासिंह को फोन कर लीलासी बुलाया। वहां दोनों ने शराब खरीदी और ग्राम मुरता स्थित खेमा नदी पुलिया के नीचे बैठकर शराब पी। इसी दौरान उसने चाकू और पत्थर से हमला कर समासिंह की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP64 BB 9969) और आला कत्ल चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल भागीचन्द्र, महताब अहमद और खालिद खान शामिल रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



