समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
गुरमा/सोनभद्र। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विभिन्न नगरों एवं ग्रामीण इलाकों में गुरुवार की सुबह भव्य कलश यात्रा,झांकियां और धार्मिक जुलूस निकाले गये,जो हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक हैं। इन शोभायात्राओं में माता दुर्गा के स्वरूप, भगवा ध्वज, ढोल-नगाड़ों और भक्ति भजनों के साथ श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते शामिल हो रहे थे। माता की मूर्तियों के साथ भव्य झांकियां निकाली गईं, जो विभिन्न मार्गों से गुजरीं।शोभायात्राओं में माता की प्रतिमा, फूल-सजावट, मुख्य आकर्षण का केंद्र रही हैं। ‘जय माता दी’ के जयकारों के साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालु, जिनमें महिलाएं पुरुष और युवक, युवतिया शामिल हैं, पारंपरिक वेशभूषा में जुलूस का हिस्सा बन रहे हैं।
भ्रमण के दौरान वातावरण भक्तिमय भजनों और संगीत से गूंज उठा,जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। इसी क्रम में चोपन स्थित सोनेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण और सोन नदी तट से सलखन चूड़िहार देवी मंदिर तक 751 कन्याओं एवं महिलाओं द्वारा भव्य कलश पदयात्रा निकाली गई। श्रद्धा, आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस पदयात्रा में गाजे-बाजे और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा और हर ओर देवी जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड़ की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।
उन्होंने इस तरह के आयोजनों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक बताया। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और कन्याओं की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। श्रद्धालुओं का कहना था कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि नारी शक्ति और सामाजिक एकता का भी संदेश देती नजर आई। इधर नवरात्र के पहले दिन मारकुंडी स्थित दुर्गा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है और पंडितों द्वारा श्रद्धालुओं को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई जा रही है। सुबह से ही मंदिर में माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।कलश शोभा यात्रा में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। इस मौके पर विकास पटेल, भोला जायसवाल, परमेश्वर श्रीवास्तव, रामलोचन, राजकुमार पटेल, संतोष जायसवाल मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



