पटना में भीषण आगलगी से लाखों का नुकसान

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ सोमवार की देर रात जिले के खुसरूपुर सब्ज़ी बाजार में भीषण आग लग गई। जिसके दौरान अरविंद कुमार उर्फ मुन्ना की मनभावन साड़ी की दुकान पल भर में लपटों की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के इलाकों में दहशत फैला दी। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस भीषण अग्निकांड में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग लगने की खबर मिलते ही बाजार में अफरातफरी मच गई। आस पास के दुकानदार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और आग बुझाने में लग गए। आसमान में काले धुएं के गुब्बार उठते देख आसपास के घरों और दुकानों को तत्काल खाली कराया गया। लोगों ने तुरंत 112 इमरजेंसी कंट्रोल रूम और खुसरूपुर थाना को सूचना दी, जिसके बाद इमरजेंसी कंट्रोल रूम की गाड़ी और खुसरूपुर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति संभाली।

वही थानाध्यक्ष की सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर पहुंचे फतुहा डीएसपी 2 संजीव कुमार सिंह ने स्थिति का जायजा लिया और घटना की विस्तृत जांच की। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया और कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मौके पर मौजूद पुलिस टीम में एएसआई संतोष कुमार, एएसआई उपेंद्र प्रसाद, एएसआई राजेश कुमार, एएसआई संजय कुमार, एएसआई अब्दुल जब्बार, एएसआई मुन्ना यादव, एएसआई बबलू कुमार, एसआई अक्षय कुमार, तथा 112 की पीटीसी यूनिट से मनोज कुमार पूरे दलबल के साथ मौजूद रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता, तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था। प्रशासन के त्वरित एक्शन और पुलिस की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)