वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
टाउन थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची को बिस्किट खिलाने का लालच देकर अपने घर ले गया था। करीब एक घंटे बाद बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में बच्ची आरोपी के घर से मिली।
घर पहुंचने पर बच्ची की हालत देखकर परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ गलत हरकत की गई, जिसके बाद उसके निजी अंग से रक्तस्राव हुआ। अस्पताल में बच्ची का इलाज और चिकित्सकीय जांच जारी है।
एक घंटे तक नहीं लौटी तो परिजनों ने शुरू की तलाश
बच्ची के पिता के अनुसार, रविवार सुबह वह मजदूरी के लिए घर से बाहर गए थे, जबकि मां घरेलू काम में व्यस्त थीं। करीब नौ बजे बच्ची खेलते हुए घर से बाहर निकली। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस का 12 वर्षीय नाबालिग उसे बिस्किट देने की बात कहकर अपने घर ले गया।
बच्ची के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर मां ने आसपास तलाश की। पूछताछ के दौरान उसके आरोपी के घर में होने की जानकारी मिली। परिजन वहां पहुंचे और बच्ची को घर लाकर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लिया
पुलिस ने मामले में नाबालिग को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट, बच्ची के बयान और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग की उम्र 12 वर्ष होने के कारण उसके खिलाफ किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई होगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



