google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में कोचिंग जगत की अदावत में नया मोड़

जेल से रिहा हुए रोशन आनंद ने खान सर पर लगाए गंभीर आरोप

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी के कोचिंग जगत में चल रही वर्चस्व की जंग अब एक नया मोड़ ले चुकी है। ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रोशन आनंद को जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा होते ही किए गए दावों ने हड़कंप मचा दिया है। रोशन आनंद ने जेल से बाहर आते ही अपनी जान को खतरा बताते हुए बेउर जेल के अंदर हत्या की साजिश रचे जाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।

स्टेटस कोचिंग इंस्टीट्यूट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोशन आनंद ने खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर फैजल खान उर्फ ‘खान सर’ पर सीधा निशाना साधा। आनंद ने दावा किया कि उन्हें एक सोची-समझी साजिश के तहत झूठे मुकदमों में फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि 2 जून को मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज पर हुई फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना से उनका दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत के पीछे भी खान सर की भूमिका की जांच होनी चाहिए और सच्चाई सामने लाने के लिए उनका ‘नार्को-एनालिसिस टेस्ट’ कराया जाना चाहिए। दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच की यह प्रतिद्वंद्विता एक दशक पुरानी है, जो समय के साथ और गहरी होती गई। इस साल की शुरुआत में बिहार फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर टॉपर अभिषेक पटेल की सफलता को लेकर छिड़ा विवाद इस दुश्मनी का मुख्य केंद्र बन गया।

दोनों संस्थानों ने टॉपर पर अपना दावा ठोका था। खान सर द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के जवाब में रोशन आनंद ने चैट सार्वजनिक कर खान सर पर टॉपर को 10 लाख रुपये में ‘खरीदने’ का गंभीर आरोप लगाया था, जिसने इस विवाद को और हवा दे दी। दूसरी ओर, प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में हुई मौत की जांच नेपाल पुलिस ने तेज कर दी है। वहां की पुलिस एक नेपाली नागरिक समेत पांच लोगों से पूछताछ कर रही है और होटल के CCTV फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए खान सर ने एक वीडियो संदेश जारी कर प्रिंस यादव की मौत पर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने आनंद द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। बहरहाल, पटना के कोचिंग जगत की यह तल्ख लड़ाई अब पुलिस और अदालत के गलियारों तक पहुँच चुकी है, जिस पर सबकी नजरें टिकी हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)