दबंगों पर घर तोड़ने व मारपीट का आरोप
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के नौआचक गांव से एक विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पिछले 40 वर्षों से सरकारी जमीन पर रह रहे करीब 50 दलित परिवारों ने स्थानीय दबंगों पर घर तोड़ने, मारपीट करने और उन्हें प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। बेघर होने के बाद पीड़ित परिवारों ने बाढ़ थाना पहुंचकर प्रशासन से सुरक्षा, पुनर्वास और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, ये परिवार मूल रूप से दियारा क्षेत्र के निवासी हैं, जो विस्थापन और जमीन के अभाव में चार दशक पूर्व नौआचक में आकर बस गए थे।
भूमिहीन होने के कारण इन परिवारों ने सरकारी जमीन पर झोपड़ियां बनाकर अपना जीवन यापन करना शुरू किया। पीड़ितों का कहना है कि वे दशकों से शांतिपूर्वक रह रहे हैं, लेकिन आसपास की कृषि भूमि के मालिकों द्वारा उन्हें लगातार वहां से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लंबे समय से विवाद बना हुआ है। स्थानीय निवासी धर्मवीर मांझी ने बताया कि दबंगों द्वारा आए दिन उन्हें धमकाया जाता है। पीड़ितों का आरोप है कि हाल ही में उनकी झोपड़ियों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पीड़िता तिलका देवी ने बताया कि जब भी वे अपने रहने की जगह पर मिट्टी भरकर जमीन को समतल करने की कोशिश करती हैं, दबंग उसे हटा देते हैं। विरोध करने पर उन्हें मारपीट का सामना करना पड़ता है।
पीड़ितों के अनुसार, पूर्व में प्रशासन ने उन्हें जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक न तो उन्हें स्थायी ठिकाना मिला और न ही बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं नसीब हुईं। घर उजड़ जाने के बाद इन 50 परिवारों के सामने खुले आसमान के नीचे रहने का संकट खड़ा हो गया है। थाना पहुंचे ग्रामीणों ने एक स्वर में प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि आरोपों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पीड़ित न्याय की प्रतीक्षा में हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



