साइबर अपराध पर नियंत्रण को लेकर बैंकर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
7 अप्रैल।
समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिले के सभी बैंकर्स के साथ साइबर क्राइम एवं सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बढ़ते साइबर अपराध और उससे बचाव के उपायों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि ग्राहकों के खातों की सुरक्षा के लिए बैंक स्तर पर निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए तथा संदिग्ध लेन-देन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


पुलिस अधीक्षक ने साइबर फ्रॉड में संलिप्त अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी को लेकर बैंक और पुलिस के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने सभी बैंक शाखाओं में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, साइबर थाना का संपर्क नंबर तथा अन्य आवश्यक पुलिस अधिकारियों के नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।


उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक बैंक शाखा में प्रतिमाह कम-से-कम दो बार साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि आमजन को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके।
बैठक के दौरान बैंक शाखाओं के सुरक्षा गार्डों को समय-समय पर प्रशिक्षण देने तथा समग्र सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।


अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी बैंकर्स को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए साइबर अपराध की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)