शाहजहांपुर संवाददाता
शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश शासन ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर (पहले एक घंटे) के भीतर अस्पताल पहुँचाने वाले सहयोगियों को प्रोत्साहित करने के लिए रक्षक योजना के अंतर्गत पुरस्कार राशि बढ़ा दी है। पहले यह इनाम पाँच हजार रुपये था जिसे अब बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सड़क हादसे के बाद गोल्डन ऑवर बेहद अहम होता है। इस दौरान घायल को अस्पताल पहुँचा देने पर उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसलिए शासन ने लोगों को आगे आने और सहयोग करने के लिए योजना को और आकर्षक बनाया है। रक्षक योजना के तहत इनाम उन्हीं मामलों में दिया जाएगा। जहाँ घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल पहुँचाया गया हो और मेडिकल रिपोर्ट में
कोई एक शर्त पूरी करता हो जैसे बड़ी शल्य चिकित्सा (सर्जरी), कम से कम तीन दिन अस्पताल में भर्ती होना, फ्रैक्चर केस, आईसीयू में भर्ती होना या फिर दुर्घटना में घायल की मृत्यु होना। अधिकारियों ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति इंसीडेंट-ए प्रपत्र भरकर सहायक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय शाहजहाँपुर में आवेदन कर सकते हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा जाँच और अनुमोदन के बाद पुरस्कार की राशि सीधे रक्षक के खाते में अंतरित की जाएगी। परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि सड़क हादसे की स्थिति में घायलों को अस्पताल पहुँचाने में तत्परता दिखाएँ, इससे न केवल किसी की जान बचाई जा सकती है बल्कि सरकार की ओर से सम्मान और पुरस्कार भी प्राप्त होगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



