google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

तेज बहाव वाले प्राकृतिक नाले में महिला और मासूम बहे, मची अफरा-तफरी, आठ माह की बच्ची का शव मिला, महिला की तलाश जारी

समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता

सोनभद्र। जिले में मानसून की पहली तेज बारिश एक परिवार के लिए भारी पड़ गई। अनपरा थाना क्षेत्र में उफनाए नाले के तेज बहाव में एक महिला अपनी आठ माह की बच्ची के साथ बह गई। काफी तलाश के बाद मासूम का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद कर लिया गया, जबकि महिला का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। जानकारी के अनुसार, अनपरा थाना क्षेत्र के एमटीसी कैंप के समीप औढ़ी मोड़ निवासी 27 वर्षीय सविता पत्नी राकेश बुधवार देर शाम अपनी आठ माह की बच्ची जिया को लेकर घर से निकली थीं। उसी समय क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे पास का नाला उफान पर आ गया।

आशंका है कि नाले के तेज बहाव की चपेट में आने से मां और बेटी दोनों बह गईं। रात में जब सविता घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। गुरूवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खोजबीन के दौरान दामिनी गेस्ट हाउस के सामने पुल के पास नाले में आठ माह की बच्ची जिया का शव बरामद हुआ। वहीं घटनास्थल से आगे बहाव में महिला की साड़ी भी मिली, जिससे उसके बह जाने की आशंका और मजबूत हो गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक महिला का पता नहीं चल सका था। प्रभारी निरीक्षक अनपरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का घर नाले के समीप स्थित है।

आशंका है कि वह बच्ची को लेकर शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान अचानक बढ़े जलस्तर और तेज बहाव ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि परिजन अब भी महिला के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। पुलिस, प्रशासन, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण लगातार नाले तथा आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चला रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान उफनाए नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)