समाज जागरण रंजीत तिवारी
वाराणसी।
फूलपुर थाना क्षेत्र के बड़ेपुर बेलवा गांव में मंगलवार सुबह 21 वर्षीय युवक का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथमदृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मृतक की पहचान गांव निवासी जितेंद्र गौड़ के बड़े बेटे राजू गौड़ (21) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार राजू मजदूरी के साथ निजी नौकरी भी करता था।
परिजनों के मुताबिक राजू ने पिछले वर्ष प्रेम विवाह किया था। कुछ समय पहले पत्नी से अनबन के बाद वह मायके चली गई थी। राजू कुछ दिन पहले पत्नी को मनाकर वापस घर लाया था। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद राजू कमरे में चला गया।
मंगलवार सुबह परिजनों ने कमरे में राजू का शव फंदे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। घर में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहले पीआरवी और बाद में फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की।फूलपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



