विजय तिवारी
शहडोल। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहडोल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के संभाग प्रभारी गौरव सिरोदिया भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा एवं किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरेश चतुर्वेदी के साथ पौधारोपण किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया।
वृक्षारोपण के दौरान पर्यावरण के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा गया कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं। वृक्ष हमें प्राणवायु प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने, तापमान को नियंत्रित करने, वर्षा चक्र को प्रभावित करने तथा मिट्टी के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज तेजी से बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों के बीच पौधारोपण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में पौधारोपण को एक जिम्मेदारी के रूप में अपनाए और कम से कम एक पौधे को बड़ा करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
संभाग प्रभारी गौरव सिरोटिया श्रीमती अमिता चपरा एवं श्री सुरेश चतुर्वेदी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ना चाहिए। बच्चों और युवाओं को भी पौधारोपण के प्रति जागरूक कर उन्हें प्रकृति के महत्व की जानकारी देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन और स्वच्छ पर्यावरण का आधार बन सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि प्रकृति का संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
कार्यक्रम में कहा गया कि “पेड़ लगाएं, पेड़ बचाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरा-भरा भविष्य बनाएं।” पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान भी किया गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



