समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के बाढ़ थाना अंतर्गत दलिसमन चक गांव में आपसी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान शिवजी यादव के रूप में हुई है। यह घटना उस समय हुई जब वह भेटगांव पंचायत के पास स्थित एक बगीचे में बैठा हुआ था। उसी दौरान दूसरे पक्ष के दो लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। सूत्रों के अनुसार शिवजी यादव बगीचे में शांतिपूर्वक बैठा हुआ था। तभी वहां आए दो युवकों से उसका विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि उन्होंने ईंट और पत्थर से उस पर हमला कर दिया। हमले के बाद शिवजी के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसके मुंह से खून निकलने लगा। इस हमले की खबर मिलते ही परिजन उसे तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण वहां से उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सिर में गंभीर चोट के कारण उसकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं था जब दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ हो। पहले भी एक बार विवाद के दौरान शिवजी के दांत तोड़ दिए गए थे। तब भी मामला थाने तक पहुंचा था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। इस बार मामला और अधिक गंभीर हो गया, जो अंततः हत्या में तब्दील हो गया। घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दिनेश पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दिनेश पासवान और उसके परिजनों ने मिलकर लाठी, डंडे और ईंट-पत्थर से हमला किया था। फिलहाल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) टीम को भी मौके की जांच के लिए बुलाया है। टीम घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हत्या किन परिस्थितियों में और किस हथियार से की गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना पूरी तरह से पूर्व नियोजित थी या अचानक हुई कहासुनी ने हिंसा का रूप ले लिया। अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



