विशेष टीमें गठित, सुरक्षा व्यवस्था में चूक की भी होगी जांच
समाज जागरण जिला संवाददाता उदय सिंह लोधी
दमोह/रनेह।
दमोह जिले के रनेह थाना से पुलिस अभिरक्षा में रखा गया एक आरोपी सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात फरार हो जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया और जिलेभर में अलर्ट जारी कर आरोपी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार बमनपुरा निवासी 35 वर्षीय लीलाधर चौधरी अपराध क्रमांक 37/26 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 तथा मेडिकल काउंसिलिंग एक्ट की धारा 24 के तहत दर्ज प्रकरण में पुलिस अभिरक्षा में था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी मंगलवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच रनेह थाना परिसर से फरार हो गया।
घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की कई टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने आरोपी के अभिरक्षा से फरार होने का अलग प्रकरण भी दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही यह जांच भी शुरू कर दी गई है कि आरोपी किन परिस्थितियों में पुलिस अभिरक्षा से भागने में सफल हुआ। जांच में सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही या चूक सामने आने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस दल लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही अभिरक्षा से फरार होने की घटना के कारणों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस के लिए यह घटना चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि फरार आरोपी को पुलिस कितनी जल्दी गिरफ्तार कर पाती है और जांच में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



