वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में महानंदा सभागार में सिविल डिफेंस एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल अभ्यास को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के साथ मॉक ड्रिल के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने सभी सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स को निर्धारित ड्रेस में उपस्थित रहने का निर्देश दिया। जिन वॉलिंटियर्स के पास ड्रेस उपलब्ध नहीं है, उन्हें अनिवार्य रूप से पहचान पत्र साथ रखने को कहा गया। उन्होंने अधिकतम संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया, ताकि मॉक ड्रिल का उद्देश्य प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं बिहार सरकार के निर्देशानुसार नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 14 मई 2026 को किशनगंज जिले में हवाई हमला एवं ब्लैकआउट संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास शाम 7:00 बजे से 7:30 बजे तक चलेगा।
मॉक ड्रिल के दौरान जिले के प्रमुख स्थलों — समाहरणालय परिसर, बस स्टैंड एवं गांधी चौक — पर विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों का सिमुलेशन कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। अभ्यास के तहत एयर रेड वार्निंग, ब्लैकआउट, सुरक्षित निकासी, खोज एवं बचाव, चिकित्सा सहायता तथा अग्निशमन संबंधी गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, पुलिस प्रशासन, होमगार्ड, रेड क्रॉस एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।
समाहरणालय परिसर में आपदा की स्थिति में अधिकारियों एवं कर्मियों की सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, मेडिकल सहायता एवं अग्निशमन कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। वहीं बस स्टैंड क्षेत्र में यात्रियों की भीड़ के बीच एयर रेड वार्निंग, ब्लैकआउट एवं आपातकालीन निकासी प्रक्रिया का प्रदर्शन होगा। गांधी चौक पर यातायात नियंत्रण, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, घायलों के उपचार तथा आग लगने जैसी परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का अभ्यास किया जाएगा।
जिलाधिकारी सह इंसिडेंट कमांडर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ मॉक ड्रिल को सफल बनाने का निर्देश दिया है। मॉक ड्रिल के दौरान विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, संचार व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। यह अभ्यास पूरी तरह पूर्व नियोजित है और इसका उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया क्षमता विकसित करना है।
इसके अतिरिक्त संबंधित स्थलों पर समय-समय पर पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम के माध्यम से लोगों को आवश्यक जानकारी दी जाएगी, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



