google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

19 मई से पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर, सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
आमजन की समस्याओं के त्वरित निष्पादन एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिले में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार “सहयोग शिविर” आयोजित किया जाएगा। जिला पदाधिकारी विशाल राज के निर्देशानुसार इसका शुभारंभ 19 मई 2026 से किया जाएगा।


शिविरों के सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को निर्धारित तिथि एवं स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजन से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।


सहयोग शिविर के माध्यम से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों को स्थानीय स्तर पर दी जाएगी, ताकि उन्हें विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।


शिविर के दौरान लंबित मामलों के निष्पादन, पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने तथा आमजन की समस्याओं के ऑन-द-स्पॉट समाधान पर विशेष जोर दिया जाएगा। संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, जिससे लोगों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध हो सके।


जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहयोग शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
विभिन्न पंचायतों में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर हेतु अब तक प्राप्त आवेदनों के अनुसार किशनगंज प्रखंड के चकला पंचायत में 20, टेउसा पंचायत में 11 एवं दौला पंचायत में 11 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बहादुरगंज प्रखंड के झींगाकाटा पंचायत में 14, भाटाबाड़ी पंचायत में 23 एवं नटुआपाड़ा पंचायत में 23 आवेदन मिले हैं। इसी प्रकार दिघलबैंक प्रखंड के मंगूरा पंचायत में 13, धनतोला पंचायत में 23 एवं दिघलबैंक पंचायत में 23 आवेदन प्राप्त हुए हैं।


कोचाधामन प्रखंड के विशनपुर पंचायत में 40, बुआलदाह पंचायत में 20 एवं मजगामा पंचायत में 24 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पोठिया प्रखंड के छतरगाछ पंचायत में 17, भोटाथाना पंचायत में 16 एवं बुधरा पंचायत में 11 आवेदन मिले हैं। वहीं टेढ़ागाछ प्रखंड के बैगना पंचायत में 11 एवं खनियाबाद पंचायत में 14 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ठाकुरगंज प्रखंड के कुकुरबाघी पंचायत में 19, पथरिया पंचायत में 12 एवं रसिया पंचायत में 19 आवेदन अब तक प्राप्त हुए हैं।
19 मई 2026 से आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को त्वरित राहत एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)