google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

आपातकाल में जीवन की डोर बनी एम्बुलेंस सेवा

पौआखाली एपीएचसी और टेढ़ागाछ रेफरल अस्पताल को मिली नई जीवन रक्षक एम्बुलेंस

वीरेंद्र चौहान समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
09 मार्च। जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पौआखाली तथा टेढ़ागाछ रेफरल स्वास्थ्य केंद्र को एक-एक नई बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है। इन एम्बुलेंसों को सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों के लिए रवाना किया।


इस अवसर पर सिविल सर्जन ने कहा कि एम्बुलेंस सेवा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना पीड़ितों और गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल तक पहुंचाने में यह सेवा जीवनरक्षक साबित होती है। उन्होंने कहा कि जिले के कई ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में समय लगता है, ऐसे में निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा लोगों के लिए बड़ी राहत प्रदान करती है।


जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. मुनजिम ने बताया कि जिले में एम्बुलेंस सेवा का मजबूत नेटवर्क विकसित किया गया है। विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और सदर अस्पताल में उन्नत जीवन रक्षक तथा बेसिक जीवन रक्षक एम्बुलेंस उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान की जाती है।


एम्बुलेंस सेवा के क्लस्टर लीडर मो. आसिफ रहमानी ने कहा कि नई एम्बुलेंस मिलने से जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवा की क्षमता और बढ़ेगी। इन एम्बुलेंसों में प्राथमिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहते हैं, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचने तक आवश्यक जीवनरक्षक सहायता दी जा सकती है।


जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। एम्बुलेंस सेवाओं के विस्तार से दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का लाभ उठाएं।


नई एम्बुलेंस की शुरुआत से जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और गति मिलने की उम्मीद है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो ।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)