google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चे, अब खेल-खेल में सीखेंगे योग

शहडोल 11 मार्च। फिट इंडिया वूमेन’एस वीक के तहत महिला एवं बाल विकास परियोजना सोहागपुर में सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन और महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में यह प्रशिक्षण परियोजना अधिकारी सोहागपुर आनंद अग्रवाल द्वारा आयोजित किया गया।

केंद्र को आदर्श केंद्र बनाएं- अखिलेश मिश्रा

प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा ने कहा कि कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है, कि आंगनबाड़ी केंद्र को आदर्श केंद्र के रूप में विकसित करें। बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा उन्हें उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करें। श्री मिश्रा ने कहा कि फिट इंडिया वूमेन’एस वीक के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी प्रदान करें तथा महिलाओं को सशक्त करें।

बच्चों की उपस्थिति नियमित हो-अग्रवाल

उक्त प्रशिक्षण में परियोजना अधिकारी आनंद अग्रवाल द्वारा विभाग द्वारा चयनित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ताओं को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र के 5 घटकों का प्रशिक्षण दिया गया तथा बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित कराने, पूरक पोषण आहार प्रदाय करने और अनौपचारिक शिक्षा देने हेतु बताया गया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों का वजन, ऊंचाई मापन करने एवं कुपोषण प्रबंधन किये जाने सम्बन्धी प्रशिक्षण पर्यवेक्षक श्रीमती वंदना पनिका और श्रीमती शाहीन अंजुम द्वारा दिया गया।
सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में परियोजना सोहागपुर में नवाचार करते हुए आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को खेल-खेल में योग अभ्यास कराने का प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया।

योगाचार्य ने दिया प्रशिक्षण

योगाचार्य शिवाकांत शुक्ला ने उपस्थित सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेल-खेल में प्रकृति से जोड़ते हुए वृक्ष, पक्षी, जीव-जंतु और जानवरों का उदाहरण देकर योग आसन कराए जाने का प्रशिक्षण दिया गया। योगाचार्य शिवाकांत शुक्ला द्वारा सप्ताह में 5 दिवस बच्चों के लिए अलग-अलग प्रतिदिन 20 से 30 मिनट तक योग अभ्यास कराये जाने के लिए पाठ्यक्रम प्रस्तुत किया गया तथा सरल तरीके से बच्चों को योग अभ्यास कराये जाने हेतु आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र सोहागपुर की 60 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताएँ एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहीं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)