संदीप गर्ग / नोएडा: बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में आज नायब तहसीलदार ज्योत्सना द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों हेतु उपलब्ध कराए गए खिलौना एवं फर्नीचर का भौतिक सत्यापन किया गया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी सन्ध्या सोनी एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए फर्नीचर, शिशु डेस्क तथा इंटरलॉकिंग मैट का वितरण किया गया, जिससे बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इसी क्रम में आरबीएसके टीम के डॉ. मनीष द्वारा एनडीडी कार्यक्रम के अंतर्गत कृमिनाशक दवा का वितरण किया गया। साथ ही समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आगामी 10 फरवरी को आयोजित होने वाले कृमिनाशक दिवस के अवसर पर एल्बेंडाजोल दवा का वितरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
सेक्टर मीटिंग के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर, ऑपरेटर आईडी, आयुष्मान कार्ड, pmmvy फार्म भरवाने, अपार आईडी एवं एफआरएस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ सीडीपीओ एवं पर्यवेक्षकों के निर्देशन में प्रदान की गईं, जिससे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिल सके।
इसके अतिरिक्त स्वाभिमान होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, सूरजपुर (ग्रेटर नोएडा) में शौचालय नवनीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कराया गया। उक्त कार्य के सफल संपादन हेतु सीडीपीओ दनकौर द्वारा होंडा इंडिया फाउंडेशन की टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।



