google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

आर्य समाज संजय नगर के 40वें वार्षिकोत्सव का तीसरा दिन: अथर्ववेद महायज्ञ एवं ऋषि कथा में गुरुकुल स्थापना पर जोर

भारत के हर क्षेत्र में गुरुकुल खोलने का आह्वान-स्वामी दीपांकर महाराज, परोपकार, यज्ञ और शुभ संकल्प से जीवन होगा सफल-जयवीर शास्त्री

गाजियाबाद | 13 नवंबर 2026

गाजियाबाद। आर्य समाज संजय नगर के 40वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित पंच दिवसीय अथर्ववेद महायज्ञ एवं ऋषि कथा के तीसरे दिन रामलीला मैदान, सेक्टर-23 में धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने वैदिक संस्कृति के संरक्षण, युवा पीढ़ी में संस्कारों के विकास और देशभर में गुरुकुलों की स्थापना पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में यज्ञ के ब्रह्मा डॉ. योगेश शास्त्री (गुरुकुल कांगड़ी, हरिद्वार) तथा गुरुकुल बरनावा के आचार्य जयवीर शास्त्री मुख्य आचार्य के रूप में उपस्थित रहे। यज्ञ के उपरांत डॉ. योगेश शास्त्री ने यज्ञमानों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि जो लोग विद्वानों, धर्मात्माओं और सज्जनों के साथ मिलकर यज्ञ जैसे श्रेष्ठ कर्म करते हैं, वे दुखों, दुर्गुणों और दुर्व्यसनों से दूर रहते हुए सुखमय जीवन प्राप्त करते हैं।

इस अवसर पर गुरुकुल बरनावा के योगी सोहित शास्त्री, अमित शास्त्री एवं अंकुर भारद्वाज ने वेद पाठ किया।

भारत के प्रत्येक क्षेत्र में स्थापित हों गुरुकुल : स्वामी दीपांकर महाराज

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता स्वामी दीपांकर महाराज ने अपने संबोधन में संगठन की शक्ति और गुरुकुल शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भावी युवा पीढ़ी को सुसंस्कारित बनाने के लिए भारत के प्रत्येक क्षेत्र में गुरुकुल स्थापित किए जाने चाहिए। इस दिशा में सामूहिक रूप से कार्य शुरू करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि संगठित होकर काम करने से हमारी बात का महत्व बढ़ता है और उसे गंभीरता से सुना भी जाता है। सनातन धर्म की अनेक श्रेष्ठ शिक्षाओं का मूल वेदों में निहित है। गुरुकुलों से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देश-विदेश में यज्ञ, योग और वेदों की महत्ता का प्रचार कर रहे हैं। इसलिए सभी को एकजुट होकर परिवार की भावना से इस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

भजनों और ऋषि कथा ने बांधा समां

मेरठ से पधारे सुप्रसिद्ध भजनोपदेशक कुलदीप आर्य ने ऋषि कथा के माध्यम से श्रोताओं को वैदिक संस्कृति और महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराया। वहीं अमित शास्त्री ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में पतंजलि गुरुकुलम, हरिद्वार के ब्रह्मचारियों ने भी विशेष प्रस्तुतियां दीं। कक्षा 9, 8 और 4 के क्रमशः अनुवृत आर्य, शाश्वत आर्य एवं अपीक्षा आर्या ने बौद्धिक, अष्टाध्यायी, अष्टावक्र गीता तथा शारीरिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहीं।

परोपकार और शुभ संकल्प से सफल होगा जीवन : जयवीर शास्त्री

मुख्य आचार्य जयवीर शास्त्री ने अपने संदेश में कहा कि परोपकार, यज्ञ, श्रद्धा और शुभ संकल्प ही जीवन को सफल एवं सार्थक बनाते हैं। उन्होंने लोगों से वैदिक जीवन मूल्यों को अपनाने और समाज के कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन आयोजक सेवा राम त्यागी ने किया। उन्होंने दूर-दराज से पहुंचे विभिन्न आर्य समाजों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत और आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विजय पाल कसाना, डॉ. वीरेन्द्र सरदाना, राज कुमार प्रधान, डॉ. प्रमोद सक्सेना, सुभाष शर्मा, महेश चन्द यादव, सुरेश प्रसाद आर्य, वेद प्रकाश तोमर, मास्टर नरेन्द्र, महिपाल सिंह तोमर, श्रीपाल त्यागी, प्रेम दत्त त्यागी, अरुण त्यागी, मुकेश गलहैता, अजय दिनकरपुर, विवेक त्यागी, अखिल आर्य, नरेश प्रसाद एवं प्रवीण आर्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)