संदीप गर्ग / नोएडा: उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय, बुलंदशहर में शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश हेतु परीक्षा 8 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा राजकीय बालिका विद्यालय, होशियारपुर, सेक्टर-51 नोएडा में आयोजित होगी।

सहायक श्रम आयुक्त गौतमबुद्धनगर ने बताया कि प्रवेश के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जांच के बाद कुल 253 आवेदन सही पाए गए हैं, जिनके लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि यह प्रवेश पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र बच्चों के लिए किया जा रहा है।
विद्यालय में कक्षा 6 में कुल 180 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 80 बालकों और 80 बालिकाओं के लिए सीटें निर्धारित हैं, जबकि कक्षा 9 में कुल 65 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें 31 बालक और 34 बालिकाओं के लिए सीटें निर्धारित की गई हैं।
प्रवेश परीक्षा का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा। सभी परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे सुबह 9:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं, ताकि समय से प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सके।
सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी या असुविधा हो तो वे श्रम विभाग कार्यालय, जी-25ए सेक्टर-3 नोएडा में संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने अभिभावकों और पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा में शामिल हों, ताकि उन्हें इस आवासीय विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।
(सौजन्य: सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर)
AtalAwasiyaVidyalaya, #AtalAwasiyaVidyalayaAdmission, #BulandshahrSchool, #NoidaNews, #GautamBuddhNagar, #EducationNews, #SchoolAdmission2026, #UPNews, #LabourDepartmentUP, #NoidaSector51, #HoshiyarpurNoida, #StudentExam, #UPGovernmentScheme, #SamajJagranNews, #BreakingNewsNoida



