google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

Aurangabad News: कार से 512 लीटर देशी शराब बरामद, पुलिस ने वाहन किया जब्त, तस्कर फरार

रहरा गांव के समीप बड़ेंम थाना पुलिस की कार्रवाई, उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज, फरार तस्कर की तलाश तेज।

औरंगाबाद/नबीनगर। दैनिक समाज जागरण | संवाददाता: अनील कुमार

बिहार में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत औरंगाबाद जिले के नबीनगर प्रखंड में बड़ेंम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक कार से 512 लीटर देशी शराब बरामद कर वाहन को जब्त कर लिया। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा।

पुलिस के अनुसार रहरा गांव के समीप सूचना मिली थी कि एक कार से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही बड़ेंम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे कार्टनों से कुल 512 लीटर देशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर थाना परिसर लाया।

बड़ेंम थाना अध्यक्ष अमरजीत चौधरी ने बताया कि मामले में बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। फरार तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)