दैनिक समाज जागरण/पंकज राघव
संभल।शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता और सर्वांगीण विकास के लिए प्रसिद्ध बाल विद्या मंदिर, सम्भल को वर्ष 2025-26 के लिए “एजुकेशन वर्ल्ड स्कूल रैंकिंग” में जनपद सम्भल का नं. 1 विद्यालय घोषित किया गया है। यह सम्मान विद्यालय को Co-Ed Day School Category में प्रदान किया गया। यह पुरस्कार समारोह 14 से 16 अक्टूबर 2025 के बीच होटल पुलमैन, एरोसिटी, नई दिल्ली में आयोजित हुआ।
विद्यालय को यह प्रतिष्ठित सम्मान शिक्षण, प्रबंधन और छात्र विकास के विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्राप्त हुआ। मूल्यांकन के प्रमुख मानदंडों में शिक्षक कल्याण एवं विकास, शिक्षकों की दक्षता, अकादमिक प्रतिष्ठा, सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ एवं अंतरराष्ट्रीयता, खेल शिक्षा, पाठ्यक्रम एवं शिक्षण-पद्धति (हाइब्रिड लर्निंग), छात्रों पर व्यक्तिगत ध्यान, नेतृत्व एवं प्रबंधन गुणवत्ता, अभिभावक सहभागिता, आधारभूत संरचना, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य, विशेष आवश्यकता शिक्षा, धन के अनुपात में मूल्य और सामुदायिक सेवा जैसे क्षेत्र शामिल थे।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मनीष पंवार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “यह सम्मान हमारे शिक्षकों की समर्पित निष्ठा, छात्रों की मेहनत और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। हमारा लक्ष्य हमेशा समग्र शिक्षा प्रदान करना और विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए तैयार करना रहा है।”
विद्यालय के प्रबंधक श्री अमिताभ गर्ग ने भी इस सफलता पर विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि, “बाल विद्या मंदिर ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ जब आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को जोड़ा जाता है, तो उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त होते हैं। यह सम्मान सम्भल जनपद के लिए गौरव की बात है।”
बाल विद्या मंदिर की इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने सम्भल जनपद का नाम शिक्षा जगत में गौरवान्वित किया है और उत्कृष्ट विद्यालयी शिक्षा का नया मानक स्थापित किया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



