google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

नोएडा में जलभराव पर बड़ा एक्शन: CEO ने JE और सुपरवाइजर को किया बर्खास्त, अधिकारियों में मचा हड़कंप

नोएडा। ग्राम बरौला में लंबे समय से बनी हुई जलभराव की समस्या और सोमवार की बारिश के दौरान उत्पन्न गंभीर स्थिति को लेकर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्री कृष्णा करुणेश ने कड़ा रुख अपनाया है। जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही और विकास कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

मामले की समीक्षा के बाद सीईओ के निर्देश पर ड्यूटी में घोर लापरवाही और कार्यों के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप में जूनियर इंजीनियर (जेई) पार्थ राठौड़ तथा सुपरवाइजर मांगेराम की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।

इसके अलावा जलभराव की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण न रख पाने के कारण प्रबंधक करण सिंह त्यागी (सिविल) और प्रबंधक रमेन्द्र (जल एवं सीवर) को प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) दी गई है।

सभी वर्क सर्किल को अंतिम चेतावनी

सीईओ श्री कृष्णा करुणेश ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्राधिकरण के सभी वर्क सर्किल के अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी क्षेत्र में जलभराव या अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान में देरी या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध इससे भी अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जलभराव से राहत देना प्राथमिकता

प्राधिकरण प्रशासन का कहना है कि क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश सभी संबंधित विभागों को दिए गए हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)