समाज जागरण रंजीत तिवारी
वाराणसी। श्री हनुमत सेवा समिति नेवादा द्वारा आयोजित श्री हनुमान ध्वजा यात्रा का 22वां संस्करण शनिवार की सुबह ऐतिहासिक रूप से भिखारीपुर तिराहे से संकट मोचन दरबार तक निकाला गया। इस भव्य धार्मिक यात्रा में 20,000 से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता रही, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु हनुमान जी की जयकारों के साथ हाथों में ध्वज लेकर चल रहे थे, वहीं कई भक्तों के हाथों में गदा और शिव का विशाल त्रिशूल विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे। यात्रा में भक्ति, संस्कृति और समर्पण की झलक देखने को मिली, जिससे जनमानस अभिभूत हो उठा।यात्रा में भक्ति गीत भी बज रहे थे।
श्रद्धालुओं की सेवा हेतु मार्ग में 250 से अधिक स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें फल, मिठाई, लस्सी, जूस, छाछ और ड्राईफ्रूट आदि की निःशुल्क व्यवस्था की गई थी। सेवा भाव से ओतप्रोत ये स्टॉल भक्तों के लिए ऊर्जा और शांति का माध्यम बने।
इस विशाल धार्मिक आयोजन में महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश सहित पूर्वांचल के कई जिलों से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा ने सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



