दैनिक समाज जागरण संवाददाता विकास कुमार पाकुड़:
जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बेलियाडांगा गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलियाडांगा गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर अंचल निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया।
पुलिस को देखते ही एक युवक भागने में सफल रहा, जबकि दूसरा अभियुक्त आलम शेख (पिता- स्व. फैजुल शेख, निवासी- बड़ी अलीगंज बस स्टैंड के पास) पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तलाशी के क्रम में उसके पास से 1.92 ग्राम वजनी ब्राउन शुगर की सात पुड़िया बरामद की गई।
इस मामले में थाना कांड संख्या 227/2025 दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को धारा 21(a), 22(a) एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया है। वहीं, फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है कि बड़ी अलीगंज बस स्टैंड क्षेत्र धीरे-धीरे अपराधियों और नशे के कारोबारियों का अड्डा बनता जा रहा है। हालांकि, इस कार्रवाई से लोगों में संतोष है और उन्होंने उम्मीद जताई है कि पुलिस आगे भी ऐसे अवैध कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई करेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



