वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
27 जून। बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) पद पर चयन हेतु 28 जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा की अध्यक्षता में प्रशासनिक पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित कर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि परीक्षा का संचालन केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ कराया जाएगा। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक अभ्यर्थी की पहचान का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए। प्रवेश पत्र, आधार कार्ड एवं फोटो का मिलान, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा फ्रिस्किंग की प्रक्रिया आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि परीक्षा 28 जून को एक पाली में दोपहर 12 बजे से अपराह्न 2 बजे तक आयोजित होगी। जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4,693 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 10 बजे से 11 बजे तक ही कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुबह 11 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के बाहर माइकिंग के माध्यम से अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया जाए तथा प्रश्नपत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अभ्यर्थियों की उपस्थिति में ही खोला जाए। रोल नंबरवार बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए रोल नंबर सूची परीक्षा केंद्र परिसर के प्रमुख स्थानों पर चस्पा करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला दंडाधिकारी एवं महिला पुलिस बल तथा पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष दंडाधिकारी एवं पुरुष पुलिस बल द्वारा ली जाएगी। मोबाइल फोन सहित सभी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण रोक रहेगी।
परीक्षा के सफल संचालन एवं प्रभावी निगरानी के लिए दो उड़नदस्ता दल, पांच जोनल दंडाधिकारी-सह-समन्वय प्रेक्षक तथा 10 स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान नियमित भ्रमण कर आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग करने पर भी जोर दिया गया।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में परीक्षा अवधि के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी।
केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, किशनगंज में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है, जिस पर परीक्षा से संबंधित आवश्यक सूचना एवं शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



