google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

टीएमयू में श्रीकृष्ण भक्ति संध्या का भव्य आयोजन, भक्ति और आध्यात्म के रंग में रंगा परिसर

मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) का ऑडिटोरियम शनिवार को श्रीकृष्ण भक्ति, संगीत और आध्यात्म का अद्भुत संगम बन गया। पावन चिंतन धारा आश्रम के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु डॉ. पवन सिन्हा ‘गुरुजी’ की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित श्रीकृष्ण भक्ति संध्या ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। मधुर भजनों और आध्यात्मिक संदेशों से पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

कार्यक्रम में इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जस्टिस समित गोपाल, मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, टीएमयू के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन, वाइस चेयरमैन श्री मनीष जैन सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय परंपरा के अनुरूप अतिथियों के स्वागत से हुई। कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने डॉ. पवन सिन्हा और डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया का पटका एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद पावन चिंतन धारा आश्रम की विचारधारा, आध्यात्मिक उद्देश्यों और सामाजिक सरोकारों पर आधारित प्रेरणादायी डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।

भक्ति संध्या का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित लोकप्रिय भजन “श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी” से हुआ। सुप्रसिद्ध भजन गायक डॉ. संजय अंदुरकर, करण मल्होत्रा, ख्याति मेहरा और आस्तिक सिन्हा ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं सुरभि दीदी ने श्रीकृष्ण भक्ति की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ा।

भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच उपस्थित श्रद्धालु श्रीकृष्ण नाम के संकीर्तन में भावविभोर होकर शामिल हुए। पूरे सभागार में भक्ति, श्रद्धा और भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने अपने संबोधन में कहा कि सत्य, कर्तव्य और नैतिक मूल्य व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता जीवन को सही दिशा देने के साथ सफलता का मजबूत आधार भी बनती है।

आध्यात्मिक गुरु डॉ. पवन सिन्हा ‘गुरुजी’ ने तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी की संस्कारनिष्ठ शिक्षा व्यवस्था, अनुशासित वातावरण और भारतीय जीवन मूल्यों के संरक्षण के प्रति किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर श्री अभिषेक कपूर, प्रो. एस.के. जैन, प्रो. एन.के. सिंह, प्रो. हरवंश दीक्षित, प्रो. एम.पी. सिंह, प्रो. आर.के. द्विवेदी, प्रो. एस.के. सिंह, प्रो. मनु मिश्रा, श्रीमती नीलिमा जैन, डॉ. विनोद जैन, पावन चिंतन धारा आश्रम के श्री रोहित केसरी, बड़ी संख्या में आश्रम के अनुयायी तथा टीएमयू के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. माधव शर्मा एवं नेहा उन्नी ने किया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)