### तेज बहाव से मुख्य संपर्क मार्ग पर मंडराया संकट, फसलें जलमग्न होने से किसानों को भारी नुकसान
**राज यादव / गुन्नौर।** गुन्नौर तहसील क्षेत्र के बिचपुरी सैलाब और हुसैनपुर सैलाब गांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बारिश और भूजल स्तर में हुई अप्रत्याशित वृद्धि के कारण गांव के आसपास जलभराव की स्थिति विकराल होती जा रही है। तेज बहाव के साथ पानी अब आबादी की ओर बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव को हाईवे से जोड़ने वाले मुख्य लिंक मार्ग के पास पानी का बहाव लगातार बढ़ रहा है। सड़क और उफनती जलधारा के बीच अब महज करीब आधा फीट का अंतर रह गया है। यदि जलस्तर और बढ़ा तो गांव का मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह पानी की चपेट में आ सकता है और गांव का संपर्क बाहरी क्षेत्र से कटने का खतरा पैदा हो जाएगा। इसके बाद बाढ़ का पानी आबादी में घुसने की आशंका भी बनी हुई है।
जलभराव का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है। खेतों में कई दिनों से पानी भरा होने के कारण तैयार हरी सब्जियां और धान की फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। वहीं, पशुओं के हरे चारे वाले खेतों में भी करीब चार फीट तक पानी भर जाने से पशुपालकों के सामने चारे का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी में किसान गहरे पानी में उतरकर बची हुई सब्जियां और पशुओं के लिए हरा चारा निकाल रहे हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और शासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि पानी के तेज बहाव को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनजीवन और पशुधन को सुरक्षित रखा जा सके।

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



