कुकड़ू प्रखंड में उठी भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के खिलाफ आवाज
दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाक
ईचागढ़:- सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ विधानसभा अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड में भारतीय जनता पार्टी ने राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा जिला महा मंत्री मधु गौराई, मंडल अध्यक्ष भरत महतो,जिला किसान मोर्चा उपाध्यक्ष सच्चिदानंद महतो, सोशल मीडिया प्रभारी सुमन मुखर्जी, वरिष्ठ नेता अजित सिंह मुंडा, मंडल महामंत्री प्रवीर कुमार महतो, एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष अजय सिंह सरदार, मंडल उपाध्यक्ष नारायण महतो ,गणेश महतो, अभिराम महतो,निधुराम कुमार, दीपकदेव महतो, भोला गोप,पलाश दत्त, चांदमय दत्त समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर है, कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और आम जनता बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार को घेरते हुए बेरोजगारी को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की कोई ठोस पहल नहीं हो रही। वक्ताओं ने जनता से आह्वान किया कि आने वाले समय में इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट हों।
कार्यक्रम के दौरान सरकार विरोधी नारे लगाए गए और प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की गई। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं की अनदेखी जारी रखी, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।