समाज जागरण रंजीत तिवारी
रामेश्वर वाराणसी।।
आराजीलाइन ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, भिखारीपुर के प्रांगण में गुरुवार को ग्राम प्रधानों, स्थानीय निकाय सदस्यों एवं प्रधानाध्यापकों हेतु एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेसिक शिक्षा परिषद की योजनाओं के प्रति जन-प्रतिनिधियों और शिक्षकों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुश्री अदिति सिंह पटेल प्रतिनिधि विधायक सेवापुरी द्वारा किया गया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप डॉ. महेंद्र पटेल ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के संकल्प के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
गोष्ठी में विभिन्न शिक्षा विशेषज्ञों और अधिकारियों ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव ने बेसिक शिक्षा परिषद में संचालित डीबीटी व अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र यादव ने विद्यालय और ग्राम समाज के आपसी संबंधों के महत्व को रेखांकित किया। एस.आर.जी. वाराणसी श्री अखिलेश्वर गुप्ता एवं ए.आर.पी. आराजीलाइन श्रीमती श्वेता सिंह ने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों और उसकी प्राप्ति की रणनीतियों पर वार्ता की।अनिल तिवारी एवं पूर्व ए.आर.पी. राजबली ने विद्यालय के विकास में प्रबंध समिति के अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में बताया।
ए.आर.पी. रितेश कुमार ने ‘आउट ऑफ स्कूल’ बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके नामांकन पर विशेष संबोधन दिया। पूर्व ए.आर.पी. श्रीमती परमा विश्वास एवं श्रीमती नेहा द्विवेदी ने बालिका शिक्षा के सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा पर अपने विचार रखे।
एआरपी श्रीमती शिवबाला ने ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से स्कूलों के बुनियादी ढांचे में बदलाव और ‘स्कूल रेडिनेस’ कार्यक्रम की उपयोगिता बताई। कार्यक्रम में यूपीएस पयागपुर एवं कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन अरविंद कुमार सिंह और चंद्रमणि पांडे द्वारा किया गया। कार्यक्रम में 5 ग्राम प्रधान एवं 5 प्रधानाध्यापक को सम्मानित किया गया कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रधानों एवं प्रधानाध्यापकों ने परिषदीय विद्यालयों को आदर्श विद्यालय बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में 158 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक के साथ-साथ समस्त ग्राम प्रधान समस्त नोडल संकुल शिक्षक उपस्थित रहे



