उमरिया। राजधानी भोपाल स्थित वल्लभ भवन में उमरिया जिले के बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक शिवनारायण सिंह ने मानपुर विधानसभा की विधायक और पूर्व मंत्री सुश्री मीना सिंह के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट कर विधायक द्वय ने जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
सीएम से मुलाकात के दौरान विधायक शिवनारायण सिंह के द्वारा उमरिया नगर के कन्या विद्यालय के जीर्णोद्धार, सिंगल टोला–विकटगंज रेलवे फाटक में ओवर ब्रिज निर्माण कार्य में तेजी, उमरिया नगर में सांस्कृतिक मंच और दशहरा मैदान की स्थापना, उमरिया जू सफारी रेस्क्यू सेंटर के भूमि पूजन, तथा लालपुर एवं खलेसर वार्ड में मुक्तिधाम निर्माण,चंदिया में 132 kv का पावर सबस्टेशन का क्रियान्वयन,जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, ग्राम पौड़ी में विद्युत ताप परियोजना इकाई 600 मेगावाट की नई इकाई स्थापित करने,उपस्वास्थ्य केन्द्र कौड़िया-22 का प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन करने, करकेली जनपद पंचायत के कुछ ग्रामों में भू जल स्त्रोत नहीं होने से घोड़छत्र नदी में बल्क वाटर स्थापित करने की मांग रखी है।
इसके अलावा विधायक शिवनारायण सिंह ने नदी जोड़ो अभियान के तहत मछड़ार नदी को उमरार में जोड़ने की प्रक्रिया बीते 15 वर्षों से लंबित है। पुराना डीपीआर होने के कारण निविदा प्रक्रिया में कोई भी ठेकेदार भाग नहीं ले रहा। अतः नए सिरे से डीपीआर तैयार करने,नौरोजाबाद में मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान की गई समस्त विकास कार्यों की घोषणाओं का क्रियान्वयन और बजट में शामिल करने का अनुरोध किया। ग्राम आमाडोंगरी में हाई स्कूल खोलने और मझौली हाई स्कूल में छात्रावास बनाए जाने सहित नगर एवं क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए।
विधायक श्री सिंह ने मुख्यमंत्री से बताया कि ये सभी कार्य लंबे समय से क्षेत्र की जनता की प्रमुख मांग रही हैं और इनके पूरा होने से शिक्षा,रोजगार, आवागमन, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा नागरिक सुविधाओं को बड़ा लाभ मिलेगा। मानपुर विधायक और पूर्व मंत्री मीना सिंह ने भी पूरे जिले के विकास के साथ मानपुर विधानसभा क्षेत्र के मानपुर और पाली जनपद अंतर्गत कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को कराए जाने की मांग मुख्यमंत्री की समक्ष रखी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों विधायकों के सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर विकास कार्यों में तेजी लाने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर विधायक के साथ मौजूद भाजपा के जिला महामंत्री दीपक छतवानी ने भी जिले के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री से सहयोग का आग्रह किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



