google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पशु तस्करी में अवैध उगाही के आरोप में थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
पशु तस्करों और एंट्री माफिया से सांठगांठ तथा अवैध उगाही के आरोप में पाठामारी थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-द्वितीय, किशनगंज के जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की है। निलंबित पुलिसकर्मियों में पाठामारी थानाध्यक्ष पु०अ०नि० गंगा प्रसाद गुप्ता, स०अ०नि० सुनील कुमार और चालक सिपाही-37 पवन कुमार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार 17/18 अगस्त की रात ठाकुरगंज टोल प्लाजा के पास मवेशी लदे एक ट्रक को पाठामारी थानाध्यक्ष गंगा प्रसाद गुप्ता और स०अ०नि० सुनील कुमार द्वारा रोके जाने की सूचना पुलिस अधीक्षक को मिली थी। आरोप है कि ट्रक को रोकने से पहले या बाद में इसकी सूचना किसी वरीय पदाधिकारी को नहीं दी गई। ट्रक में लदे मवेशियों की आवश्यक जांच और सत्यापन भी नहीं किया गया तथा संबंधित कागजात प्राप्त किए बिना ही कथित रूप से अवैध उगाही कर ट्रक को मुक्त कर दिया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-द्वितीय से जांच कराई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर तीनों पुलिसकर्मियों पर संदिग्ध आचरण, स्वेच्छाचारिता, कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, भ्रष्ट आचरण और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं।


तीनों को 22 सितंबर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही विभागीय जांच की कार्रवाई शुरू करते हुए सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्ट आचरण के प्रति पुलिस विभाग की शून्य सहिष्णुता की नीति है। जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी पदाधिकारी या कर्मी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)