मंत्री दिलीप जायसवाल बोले- यह आत्मनिर्भरता का नया अध्याय
इंट्रो -मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने केंद्रीय बजट को ‘भरोसे का दस्तावेज’ करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की जमकर सराहना की। नगर पालिका बिजुरी में बजट के लाइव प्रसारण के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री जायसवाल ने दो टूक कहा कि यह केवल एक साल का आय-व्यय नहीं बल्कि आगामी दशक के भारत की स्वर्णिम इबारत है। उन्होंने बजट को विकासवाद का नया अध्याय बताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने तकनीकी नवाचार और स्वदेशी निर्माण पर जो दांव लगाया है वह भारत को अमेरिका और चीन जैसी महाशक्तियों की कतार में सबसे आगे खड़ा कर देगा। मंत्री जी के अनुसार, यह बजट गाँव की पगडंडी से लेकर ग्लोबल मार्केट तक भारत की धमक को सुनिश्चित करने वाला एक क्रांतिकारी कदम है।
बिजुरी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट का लाइव प्रसारण रविवार को नगर पालिका बिजुरी में उत्साहपूर्वक देखा गया। प्रदेश सरकार के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और आम जनमानस ने बजट की बारीकियों को समझा और इसे ऐतिहासिक करार दिया।सत्ता और संगठन के दिग्गजों की मौजूदगी
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका, उपाध्यक्ष प्रीति शर्मा, डोला नगर परिषद उपाध्यक्ष रवि शंकर तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्षद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री श्री जायसवाल ने बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि यह बजट गाँव, गरीब और किसान को मुख्यधारा से जोड़ते हुए देश को वैश्विक शक्ति बनाने वाला है।
बिजुरी में बजट का लाइव शो
नगर पालिका परिषद में बड़ी स्क्रीन पर बजट का सीधा प्रसारण हुआ जहाँ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय जनता ने वित्त मंत्री का संबोधन सुना।
लघु उद्योगों को मिलेगी संजीवनी
मोदी सरकार का यह बजट अंत्योदय’ की परिकल्पना को साकार करता है। इसमें हर हाथ को काम और हर क्षेत्र को सम्मान देने का वादा है।
कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि बजट में छोटे उद्योगों के लिए किए गए प्रावधानों से अनूपपुर जैसे जिलों में स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
नपा अध्यक्ष सहबीन पनिका ने बजट को महिलाओं के अनुकूल बताते हुए कहा कि लखपति दीदी और अन्य योजनाओं से आधी आबादी का आर्थिक स्तर सुधरेगा।
मध्यम वर्ग को बड़ी राहत
पूर्व उपाध्यक्ष सतीश शर्मा और मंडल अध्यक्ष रविंद्र रिंकू शर्मा ने टैक्स सुधारों की सराहना करते हुए इसे मध्यम वर्ग के लिए सुकून भरा बजट बताया।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
विधायक प्रतिनिधि दीपक शर्मा और जिला मंत्री भूपेंद्र महरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बजट की जनहितैषी नीतियों का स्वागत किया।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर पार्षद लक्ष्मी शुक्ला, कलावती सिंह, गुंजन साहू सहित सभी वार्डों के पार्षद, महामंत्री कैलाश कोल, के.पी. शुक्ला, राहुल पनिका और भारी संख्या में गणमान्य नागरिक व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



