गंगा में नहाने के दौरान चार बच्चे डूबे, दो के शव बरामद
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के दीघा थाना क्षेत्र के दीघा सेतु घाट पर रविवार को एक बड़ी त्रासदी सामने आई, जहाँ गंगा नदी में नहाने के दौरान अलग-अलग समय पर चार बच्चे डूब गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है। प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दो बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं।नदी से निकाले गए मृतकों की पहचान जक्कनपुर निवासी आदित्य कुमार उर्फ प्रिंस (15 वर्ष) और दानापुर निवासी कृषु कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है।
वहीं, न्यू पुनाईचक के करण कुमार (13 वर्ष) और एक अन्य अज्ञात बच्चे की तलाश जारी है। थाना प्रभारी के अनुसार, हादसे दोपहर 1 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच अलग-अलग समय पर हुए। बताया जा रहा है कि कृषु कुमार एक दूसरे बच्चे को बचाने के प्रयास में खुद गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जदयू नेता नागेंद्र गिरी सहित अन्य परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि जब बच्चे डूब रहे थे, तब टीम एनडीआरएफ (NDRF) का इंतजार करती रही और समय पर रेस्क्यू शुरू नहीं किया गया। शाम को अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया, जिससे लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घाट पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे और न ही गहरे पानी की चेतावनी के संकेत बोर्ड लगाए गए थे। पुलिस ने बताया कि लापता बच्चों के लिए सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने भविष्य में घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



