समाज जागरण
नोएडा,09 नवंबर 2023 अखिल भारत हिन्दू महासभा और अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने पत्र लिखकर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सूर्योपासना के महान पर्व छठ पूजा के दिन सम्पूर्ण देश में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है।उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से कहा है कि छठ महापर्व भगवान सूर्य की उपासना का महानतम पर्व है।इस महापर्व में छठव्रती चार दिनों तक पूजा करते हैं,जिसमें 36 घन्टे तक तो निर्जला व्रत करते हैं।कठिन पूजा-पाठ,व्रत,उपवास, साफ-सफाई,प्रसाद बनाने आदि में इतना कार्य करना पड़ता है कि छठव्रतियों के साथ परिवार के सदस्य भी अति व्यस्त होते हैं।इसलिये छठ महापर्व पर कार्तिक शुक्ल षष्ठी अर्थात 19 नवंबर को पूरे देश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाये।श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री से कहा है कि बिहार, झारखंड,उत्तरप्रदेश,दिल्ली, उत्तराखंड आदि प्रदेशों में अवकाश घोषित है।इन प्रदेशों के अतिरिक्त अन्य प्रदेशों में भी बड़ी संख्या में लोग छठ पर्व मनाते हैं।इसलिए पूरे देश में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा शीघ्र की जाये।श्री शर्मा ने छठ पर्व के अवसर पर अवकाश घोषित करने के लिए उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धन्यवाद दिया है।
सूर्योपासना के महान पर्व छठ की तैयारियां नोएडा के कई सेक्टरों में जोरों से चल रही हैं। श्री सूर्यदेव पूजा समिति नोएडा द्वारा भगवान सूर्य को अर्घ्य देने हेतु छठव्रतियों के लिए सेक्टर-75 स्थित गोल्फसिटी,प्लाट-8 के पार्क में 30 फीट लंबा,20 फीट चौड़ा और 4 फीट गहरा छठ घाट का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। तैयारियों की समीक्षा के लिए आज छठ घाट पर श्री सूर्यदेव पूजा समिति की आयोजन समिति की बैठक हुई,जिसमें समिति के अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष बसंत उपाध्याय, अमरेश श्रीवास्तव,संयोजक ओ.पी.तिवारी, महासचिव राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष प्रभात राय,एओए अध्यक्ष मल्लिकेश्वर झा, मधुरेंद्र सिंह, राजीव मिश्रा आदि सम्मिलित हुए।

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



