बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी, विवाह कराने और सहयोग करने वालों पर भी हो सकती है कार्रवाई
अनूपपुर। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत सकरा में आयोजित विशेष ग्रामसभा में बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती संजीता भगत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति अनूपपुर के अध्यक्ष श्री मोहन लाल पटेल और विधि सह परिवीक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार त्रिपाठी ने सहभागिता की।
बाल विवाह से प्रभावित होता है बच्चों का भविष्य
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास को प्रभावित करता है। इसका विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन है और इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह करने, कराने और इसमें सहयोग करने वाले व्यक्तियों के साथ-साथ संबंधित सेवा प्रदाताओं के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे मामलों में सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल करें सूचना
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए सभी लोग जागरूक बनें। यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित करें। बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई गई। सभी ने बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सकरा के सरपंच श्री संतोष कुमार सिंह, उपसरपंच श्री दादू राम सिंह, समस्त पंचगण, पंचायत सचिव श्री संजय कुमार मिश्रा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.