google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

तेलगुड़वा गांव में अडाणी फाउंडेशन का वृहद चिकित्सा शिविर, 430 मरीजों की जांच

महिला, नेत्र, हड्डी एवं सामान्य रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं, ग्रामीणों को निःशुल्क दवाओं का वितरण

समाज जागरण / अनिल कुमार अग्रहरी

डाला/सोनभद्र। कोटा ग्राम पंचायत के तेलगुड़वा गांव में अडाणी फाउंडेशन की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत वृहद चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। अडाणी सीमेंट सलाईबनवा के प्रोजेक्ट हेड नीरज त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में कुल 430 लोगों की विभिन्न रोगों से संबंधित जांच की गई और मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण

शिविर में महिला रोग, सामान्य चिकित्सा, नेत्र रोग एवं हड्डी रोग से संबंधित समस्याओं की जांच के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रही। चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक परामर्श देते हुए उपचार एवं बचाव के उपाय बताए।

गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिली। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

ग्रामीण विकास के लिए लगातार प्रयास

अडाणी फाउंडेशन के साइट सीएसआर हेड मनोज चौबे ने बताया कि फाउंडेशन समाज के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका संवर्धन, पशुधन विकास, जल संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाना और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना फाउंडेशन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मनोज चौबे ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को गांव के आसपास ही चिकित्सा जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए लोगों को दूर-दराज के अस्पतालों तक न जाना पड़े।

चिकित्सकों और ग्रामीणों की रही सहभागिता

शिविर में अडाणी फाउंडेशन के कम्युनिटी वालेंटियर सत्यम कुमार, चिकित्सक डॉ. अरुण चौबे, डॉ. एकता, डॉ. समझ सौरव, डॉ. तान्या सहित बसंत, सुरेश यादव, वीरेंद्र राव, गांव की आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

430 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण के साथ यह शिविर गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)