चोलापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई दो गौ-तस्कर गिरफ्तार

08 जिन्दा गोवंश व पिकअप वाहन बरामद
समाज जागरण वाराणसी ओंकार नाथ। दानगंज, चोलापुर पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना चोलापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गुरुवार तड़के गौ-तस्करी के मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 08 राशि जिन्दा गोवंश (बछड़े) तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण में तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के कुशल नेतृत्व में थाना चोलापुर पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रिय थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग पिकअप वाहन में गोवंशों को अवैध रूप से लादकर वध के उद्देश्य से ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की।


पुलिस ने आज दिनांक 03 जनवरी 2026 को सुबह करीब 6.45 बजे ग्राम भोहर सोनी ईंट भट्ठे के पास से एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में अवैध रूप से लदे 08 जिन्दा गोवंश बरामद किए गए। मौके से पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकित राजभर पुत्र सर्वेश राजभर (उम्र करीब 27 वर्ष) एवं बादल पुत्र विनोद राजभर (उम्र करीब 19 वर्ष), निवासीगण ग्राम काकलपुर, थाना चोलापुर, कमिश्नरेट वाराणसी के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना चोलापुर में मु0अ0सं0 0507/2025 धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत है। अभियुक्तों द्वारा गोवंशों को अवैध रूप से वध के लिए ले जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। बरामद गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर भेजते हुए पशु चिकित्सा परीक्षण की व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा ऐस पिकअप वाहन, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP 65 CT 7874 है, को भी कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह से अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दीपक कुमार, उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह, उपनिरीक्षक अभिजीत सिंह, कांस्टेबल अमित सिंह, कांस्टेबल अविनाश शर्मा, कांस्टेबल देवी प्रसाद, कांस्टेबल आदित्य कुमार तथा कांस्टेबल बीर बहादुर राम शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में गौ-तस्करी एवं पशु क्रूरता से जुड़े अपराधों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)